कृषि के विकास से ही भारत बनेगा विकसित.

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान
मोतिहारी, बिहार | 3 जून 2025
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यदि भारत को विकसित बनाना है, तो सबसे पहले कृषि और किसानों का विकास जरूरी है। सोमवार को उन्होंने मोतिहारी के दौरे के दौरान किसानों से बातचीत की और ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ (VKSA) के तहत केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
श्री चौहान ने कहा कि बिहार में कृषि विकास की अपार संभावनाएं हैं और VKSA अभियान के माध्यम से यहां की खेती में नवाचार, बेहतर बुनियादी ढांचा और संस्थागत समर्थन के ज़रिए परिवर्तन लाया जाएगा। उन्होंने ‘एक राष्ट्र, एक कृषि, एक टीम’ का नारा देते हुए कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने की दिशा में अहम कदम है।
मंत्री ने बताया कि देशभर में 16,000 कृषि वैज्ञानिक किसानों से सीधे संवाद कर रहे हैं। वैज्ञानिक, राज्य और केंद्र के कृषि विभाग, और कृषि विश्वविद्यालय मिलकर उत्पादन बढ़ाने, लागत घटाने और उचित मूल्य सुनिश्चित करने पर काम कर रहे हैं। बिहार की खास फसलों जैसे जर्दालू आम, शाही लीची और मर्चा चावल की उपज बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है।