जेल से डाक मतपत्र से वोट डालेंगे AAP विधायक मलिक.
जम्मू: डोड्डा से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक मेहराज मलिक, जो वर्तमान में जेल में हैं, राज्यसभा चुनावों के लिए डाक मतपत्र (पोस्टल बैलेट) के माध्यम से अपना वोट डालेंगे। जम्मू और कश्मीर सरकार ने उच्च न्यायालय को सूचित किया कि विधायक मलिक की सहभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ कर दी गई हैं। मलिक फिलहाल कठुआ जिला जेल में बंद हैं।
विधायक मलिक ने आगामी विधानसभा सत्र में शामिल होने की अनुमति और राज्यसभा चुनावों में मतदान करने के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। जम्मूकश्मीर प्रशासन ने शुक्रवार को इस याचिका का जवाब दाखिल किया, लेकिन आज शनिवार को सुनवाई के दौरान यह जवाब अदालत के रिकॉर्ड पर नहीं आ पाया। न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 27 अक्टूबर की तारीख तय कर दी है। विधानसभा सत्र 23 अक्टूबर को शुरू होकर 30 अक्टूबर को समाप्त होगा, जबकि चार राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 24 अक्टूबर को होना है।
इससे पहले, 14 अक्टूबर को हुई सुनवाई के बाद मामला आज तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। आज जब कार्रवाई फिर से शुरू हुई, तो विधायक मलिक के पक्ष में वरिष्ठ अधिवक्ता राहुल पंत सहित अन्य वकीलों ने अपनी दलीलें पेश कीं। हालांकि, सरकार की ओर से पेश हुए वरिष्ठ एडिशनल एडवोकेट जनरल (एएजी) मोनिका कोहली ने अदालत को जवाब दाखिल किए जाने की सूचना दी, पर यह रिकॉर्ड पर उपलब्ध नहीं होने के कारण अदालत ने सुनवाई को टाल दिया। डाक मतपत्र की सुविधा से यह सुनिश्चित हो गया है कि मलिक राज्यसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
