कीलाडी सभ्यता को लेकर एमके स्टालिन का BJP पर हमला.

कहा– ‘तमिल संस्कृति की प्राचीनता को नकारा जा रहा है’
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर प्राचीन इतिहास को लेकर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा बिना किसी ठोस प्रमाण के ‘मिथकीय सरस्वती सभ्यता’ को बढ़ावा दे रही है, जबकि तमिल संस्कृति की वैज्ञानिक प्रमाणों से सिद्ध प्राचीनता को नकारा जा रहा है। स्टालिन ने यह बयान ‘X’ पर पोस्ट के जरिए दिया।
स्टालिन ने कटाक्ष करते हुए कहा, “यह है असली प्रमाण!” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इतिहासकारों और पुरातत्वविदों के विरोध के बावजूद BJP सरस्वती सभ्यता के मिथक को प्रचारित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिल सभ्यता की हजारों वर्षों पुरानी संस्कृति और साहित्य पर आधारित विरासत को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मांग की कि ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत करने की राजनीति बंद होनी चाहिए। स्टालिन का यह बयान तमिल सांस्कृतिक अस्मिता को लेकर चल रहे राष्ट्रीय विमर्श में एक और तीखा हस्तक्षेप माना जा रहा है।