सारंडा जंगल में लैंड माइन ब्लास्ट, कोबरा अधिकारी घायल.

नक्सलियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन में बड़ा हादसा.

झारखंड के चाईबासा जिले के सारंडा जंगलों में सुरक्षा बलों को बड़ा झटका लगा है। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक विस्फोट की घटना सामने आई है। इस हादसे में सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मलिक घायल हो गए। वह कोबरा की 209 बटालियन में तैनात हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। घायल अधिकारी को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार सारंडा के जंगलों में लगातार कांबिंग ऑपरेशन चल रहा है। नक्सलियों की तलाश में सुरक्षा बल जंगल के अंदर अभियान चला रहे थे। इसी दौरान रास्ते में लगा प्रेशर बम विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में सहायक कमांडेंट अजय मलिक घायल हो गए। विस्फोट के बाद जवानों ने तुरंत उन्हें वहां से बाहर निकाला। मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया।

घायल अधिकारी की हालत को देखते हुए बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है। उन्हें हेलिकॉप्टर के जरिए एयरलिफ्ट करने की तैयारी है। इलाज के लिए उन्हें रांची ले जाया जाएगा। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। जवान आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान चला रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *