रांची में त्योहारों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त.

डीसी ने छठ घाटों, यातायात और पूजा पंडालों की व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश.

रांची में छठ महापर्व, दीपावली और काली पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर त्योहारों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात, स्वच्छता और विसर्जन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। डीसी ने कहा कि छठ श्रद्धा और आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया। सभी पूजा स्थलों का पहले से निरीक्षण करने और जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। डीसी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम को तालाबों और छठ घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। घाटों पर बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने और पहुंच मार्गों को सुरक्षित बनाने पर जोर दिया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया। जरूरत के अनुसार घाटों पर क्रेन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। छठ घाटों पर एनडीआरएफ की टीम तैनात करने को कहा गया। स्थानीय गोताखोरों की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। तालाबों और घाटों पर बांस की बैरिकेडिंग कराने को कहा गया। घाटों तक पहुंचने वाली सड़कों की मरम्मत और सफाई कराने के निर्देश दिए गए।

डीसी ने त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को बाजारों और प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति रोकने का निर्देश दिया। प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर निगरानी रखने को कहा गया। काली पूजा के दौरान दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए गए। रात 10 बजे के बाद ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। पूजा समितियों को व्हाट्सएप समूह बनाने और उनमें अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने का निर्देश दिया गया। इन समूहों के माध्यम से प्रशासन और पूजा समितियों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाएगा। डीसी ने विद्युत सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। बिजली व्यवस्था में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई। असुरक्षित पंडाल निर्माण करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। विसर्जन के दौरान निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा। डीसी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने त्योहारों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रशासन ने सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *