झारखंड में हाथियों के पुराने गलियारे हुए प्रभावित.

पारंपरिक रास्ते छोड़ नए क्षेत्रों में पहुंच रहे गजराज.

झारखंड के जंगलों में हाथियों की आवाजाही का तरीका बदल गया है। दशकों से इस्तेमाल होने वाले कई पारंपरिक रास्तों पर अब हाथियों की गतिविधियां बंद हो गई हैं। रांची जिले के सिल्ली-अनगड़ा कॉरिडोर में हाथियों का आवागमन पूरी तरह समाप्त हो चुका है। वहीं, दलमा वन्यजीव अभयारण्य से चांडिल तक जाने वाला सीधा मार्ग भी पिछले दस वर्षों से बंद है। पुराने गलियारों के प्रभावित होने के कारण हाथियों के झुंड दूसरे रास्तों से आवाजाही कर रहे हैं। अब रारू नदी से रामगढ़ के गोला तक उनका नया मार्ग विकसित हुआ है। इसके अलावा चांडिल से पश्चिम बंगाल के मधुपुर तक भी हाथियों की आवाजाही सामने आई है। इन बदलावों का खुलासा झारखंड वन विभाग, टाटा मोटर्स और जैव विविधता संरक्षण संस्था अरण्यक के संयुक्त वैज्ञानिक सर्वेक्षण में हुआ है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर वन विभाग ने कुछ प्रमुख गलियारों को फिर से विकसित करने की योजना बनाई है। इसमें सिल्ली-अनगड़ा और चांडिल-माथा कॉरिडोर शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अनगड़ा से सिल्ली के बीच हाथियों की आवाजाही अब पूरी तरह रुक गई है। इस रास्ते से आखिरी बार वर्ष 2022 में 21 हाथियों का झुंड गुजरा था। इसके बाद यहां हाथियों की गतिविधियां दर्ज नहीं की गईं। जोन्हा और सीता फॉल के आसपास के इलाकों से भी हाथियों ने अपना संपर्क छोड़ दिया है। अब रारू नदी के रास्ते महिलोंग-कालीमाटी कॉरिडोर से हाथियों की आवाजाही हो रही है।

इस नए रास्ते से हाथी तमाड़, धरमपुर, इतिहासा, अजयगढ़, बुढ़ाबेड़ा और सुरसू होते हुए रामगढ़ के गोला क्षेत्र तक पहुंच रहे हैं। दूसरी तरफ चांडिल-माथा कॉरिडोर में सितंबर से मार्च तक हाथियों की गतिविधियां बनी रहती हैं। हालांकि, सिरका और अतासीमल के रास्ते दलमा अभयारण्य से इसका सीधा संपर्क करीब एक दशक पहले टूट गया था। वर्तमान में 18 से 20 हाथियों का झुंड चतरमा या बुरुडीह से इस कॉरिडोर में प्रवेश करता है। इसके बाद हाथी दक्षिण और पश्चिम दिशा में अलग-अलग रास्तों से आगे बढ़ते हैं। दक्षिणी मार्ग पनरा, चतरमा, कदला, हेबेन और गुंडा से होकर रसुनिया तक जाता है। पश्चिमी मार्ग पनरा, चतरमा, बागरी और करका होते हुए पश्चिम बंगाल के मधुपुर तक पहुंचता है। केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्रालय के प्रोजेक्ट एलीफेंट के तहत अध्ययन क्षेत्र में 24 हाथी गलियारों की पहचान की गई है। इनकी स्थिति के आकलन के लिए उच्च, मध्यम और निम्न खतरे की श्रेणियां बनाई गई हैं। इनमें भरनो-बेड़ो-कर्रा, सिल्ली-अनगड़ा, महिलोंग-कालीमाटी, झालदा-बाघमुंडी और चांडिल-माथा प्रमुख हैं। दलमा-चांडिल, डुमरिया-नयाग्राम और कारो-करमपदा भी चिह्नित गलियारों में शामिल हैं। इन रास्तों का संरक्षण हाथियों की सुरक्षित आवाजाही और जंगलों के प्राकृतिक संतुलन के लिए जरूरी माना गया है। वन विभाग की नई रणनीति का उद्देश्य पुराने संपर्कों को दोबारा स्थापित करना और प्रभावित कॉरिडोर को बेहतर बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *