एसआईआर और एमएमडीआर पर विधानसभा में सियासी मुकाबला.

विशेष सत्र से पहले दोनों खेमों की रणनीतिक बैठक आज.

झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र शुरू होने से पहले राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। 25 और 26 नवंबर को होने वाली कार्यवाही में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं। एसआईआर और एमएमडीआर संशोधन अधिनियम को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद सामने आ सकते हैं। सत्र की तैयारियों को लेकर सोमवार को दोनों खेमों में रणनीतिक बैठकें होंगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सत्तारूढ़ गठबंधन के मंत्रियों और विधायकों के साथ ऑनलाइन बैठक करेंगे। इसमें झामुमो, कांग्रेस, राजद और वाम दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में सदन के भीतर सरकार की भूमिका और विपक्ष के सवालों का जवाब देने पर चर्चा होगी। गठबंधन के विधायकों के बीच तालमेल बेहतर बनाने की योजना भी तैयार की जाएगी। सरकार की कोशिश होगी कि विशेष सत्र में सभी सहयोगी दल एकजुट होकर अपना पक्ष रखें।

भाजपा विधायक दल की बैठक सोमवार शाम 4:30 बजे प्रदेश कार्यालय में होगी। इसमें नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के विधायक शामिल होंगे। भाजपा इस बैठक में सरकार को घेरने के लिए मुद्दों का चयन करेगी। एसआईआर और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी है। अन्य राजनीतिक विषयों पर भी चर्चा हो सकती है।

विशेष सत्र में एमएमडीआर संशोधन कानून और एसआईआर पर विशेष चर्चा प्रस्तावित है। राज्य सरकार का कहना है कि एमएमडीआर कानून में संशोधन से झारखंड के आर्थिक हित प्रभावित हो सकते हैं। खनिज संपदा से जुड़े मामलों में राज्य के अधिकारों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। सरकार इस कानून के विरोध में सदन से प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजने की तैयारी में है। दूसरी ओर एसआईआर प्रक्रिया के तहत पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटने की आशंका को लेकर सरकार अपनी आपत्ति रखेगी। भाजपा इन दोनों मुद्दों पर सरकार की बातों और उसके रुख पर सवाल उठा सकती है। आदिवासी कार्यकर्ता निशा भगत की मौत का मामला भी सदन में चर्चा का विषय बन सकता है। विपक्ष इस घटना पर सरकार से जवाब मांग सकता है। राज्य की कानून-व्यवस्था और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे भी उठाए जाने की संभावना है। ऐसे में विशेष सत्र के दौरान राजनीतिक माहौल काफी गर्म रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *