तालाब में डूबे दो किशोर, अस्पताल में मौत.

औरंगाबाद से छठ मनाने रामगढ़ आया था परिवार.

रामगढ़ के चूना भट्ठा तालाब में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां नहाने के दौरान दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। दोनों को बचाने की कोशिश की गई। लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतकों की पहचान शिवम कुमार पासवान और छोटू पासवान के रूप में हुई है। शिवम की उम्र 13 वर्ष थी। वहीं छोटू 15 साल का था। दोनों बिहार के औरंगाबाद जिले के रहने वाले थे। वे छठ पर्व मनाने अपने परिवार के साथ रामगढ़ आए थे। परिवार सिरका कोलियरी में अपने एक रिश्तेदार के यहां ठहरा हुआ था।

परिजनों ने बताया कि बुधवार को घर में पानी नहीं था। इस कारण परिवार के लोग नहाने के लिए चूना भट्ठा तालाब पहुंचे थे। दोनों किशोर भी उनके साथ तालाब गए थे। इसी दौरान छोटू पासवान नहाते समय गहरे पानी में चला गया। वह डूबने लगा तो शिवम उसे बचाने के लिए पानी में उतर गया। लेकिन दोनों किशोर गहराई में चले गए और डूब गए। परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला।

इसके बाद दोनों को आनन-फानन में रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक छोटू के पिता संजय पासवान ने हादसे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घर में पानी की कमी के कारण परिवार तालाब में नहाने गया था। उनके रिश्तेदार जीएम कार्यालय में निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद रामगढ़ पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मामले की छानबीन की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। छठ पर्व के मौके पर हुई इस घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। दोनों किशोरों की मौत से इलाके में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *