बच्ची के लापता होने के मामले में भुखली देवी को राहत.

73 साल की आरोपी की अपील हाईकोर्ट ने की स्वीकार.

रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने गुमला के एक पुराने मामले में 73 वर्षीय महिला भुखली देवी को जमानत दे दी है। इस मामले में उन्हें भुखली उरांव और भुखली लकड़ा के नाम से भी जाना जाता है। अदालत ने उनकी ओर से दायर क्रिमिनल अपील स्वीकार कर ली। इसके साथ ही निचली अदालत का जमानत खारिज करने वाला आदेश रद्द कर दिया गया।

गुमला के अपर सत्र न्यायाधीश-I सह विशेष न्यायाधीश ने 13 जुलाई 2026 को जमानत याचिका खारिज की थी। इसके खिलाफ भुखली देवी ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। मामला एएचटीयू गुमला थाना कांड संख्या 03/2020 से जुड़ा हुआ है।

शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया था कि भुखली देवी उसकी बेटी को धार्मिक अनुष्ठानों में मदद के लिए अपने साथ ले गई थीं। बच्ची करीब 15 दिनों तक उनके पास रही थी। जब मां बेटी को वापस लाने पहुंची, तो उसके साथ मारपीट की गई और धमकी दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, 5 सितंबर 2018 को दोबारा जाने पर भी उसे बेटी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने कई महत्वपूर्ण बातें रखीं। अधिवक्ता ने बताया कि आरोपी महिला की उम्र 73 वर्ष से अधिक है। वह 6 जून 2026 से हिरासत में हैं। बचाव पक्ष ने स्वतंत्र गवाहों के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि बच्ची अपनी मां की मारपीट से परेशान थी। इसी कारण वह घर छोड़कर चली गई थी।

अदालत ने केस डायरी के पैरा 57, 58 और 59 में दर्ज गवाहों के बयान देखे। गवाह बटिया लकड़ा और फूलमनी तिर्की ने भी बच्ची के मां की मारपीट से परेशान होने की बात कही थी। इन बयानों के अनुसार, बच्ची बुजुर्ग महिला के पास रह रही थी। रिकॉर्ड में मामला संदेह के आधार पर दर्ज होने की बात भी सामने आई। हालांकि, सरकारी पक्ष के एपीपी ने जमानत का विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद खंडपीठ ने आरोपी को राहत देने का निर्णय लिया। अदालत ने उनकी अधिक उम्र और हिरासत की अवधि को भी ध्यान में रखा। जमानत के लिए 10 हजार रुपये का निजी मुचलका जमा करना होगा। इसके साथ 10-10 हजार रुपये के दो जमानतदार प्रस्तुत करने होंगे। जमानत की शर्तें गुमला के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की संतुष्टि पर पूरी की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *