बारिश और कोहरे से बदलेगा झारखंड का मौसम.
अगले दिनों में तापमान में भी होगा उतार-चढ़ाव.
झारखंड में नवंबर के अंतिम सप्ताह में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 22 नवंबर को कई जिलों में बारिश की संभावना जतायी है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ वर्षा होने का भी अनुमान है। आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कोहरा लोगों को प्रभावित कर सकता है। रांची और आसपास के इलाकों में भी हल्की बारिश के आसार हैं।
23 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में वर्षा हो सकती है। इसके विपरीत मध्य और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की उम्मीद है। 24 नवंबर को सुबह कोहरा छाने के बाद आसमान साफ हो सकता है। 25 नवंबर को भी मौसम की स्थिति लगभग ऐसी ही रहने का अनुमान है। 26 और 27 नवंबर को सुबह कुहासा रह सकता है। दिन के समय आसमान साफ रहने की संभावना है।
तापमान को लेकर मौसम विभाग ने अलग पूर्वानुमान जारी किया है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान अगले दो दिनों तक स्थिर रहने का अनुमान है। इसके बाद इसमें गिरावट आने की संभावना जतायी गयी है। रांची में 22 नवंबर को सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश के साथ सुबह हल्के से मध्यम कोहरे का असर भी दिख सकता है। 23 नवंबर को राजधानी में आंशिक बादल रहेंगे, लेकिन मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
24 और 25 नवंबर को सुबह कोहरा छाने के बाद आसमान साफ रहेगा। 26 और 27 नवंबर को भी सुबह कुहासा रहने का अनुमान है। दिन के समय धूप निकलने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के जिलों को तीन अलग-अलग क्षेत्रों में रखा है। मध्य झारखंड में रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद शामिल हैं। दक्षिणी क्षेत्र में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिले आते हैं। उत्तर-पश्चिमी झारखंड में पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार शामिल हैं। इन जिलों में मौसम की गतिविधियां अलग-अलग रूप में देखने को मिल सकती हैं। 22 और 23 नवंबर को बारिश की संभावना के बाद राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क होने का अनुमान है। सुबह के समय कोहरा और दिन में साफ आसमान अगले कुछ दिनों की प्रमुख मौसमी स्थिति रह सकती है।
