रांची सहित पांच जिलों में मौसम बिगड़ने की आशंका.
40 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं, कांके में हुई सबसे अधिक बारिश.
झारखंड में मौसम को लेकर विभाग ने लोगों को सतर्क किया है। रांची, पूर्वी सिंहभूम, गुमला, खूंटी और लोहरदगा में तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वानुमान के अनुसार, अगले एक से तीन घंटे में मौसम का असर दिखाई दे सकता है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की आशंका है। कई इलाकों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। वज्रपात की संभावना को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
विभाग ने लोगों को आंधी के दौरान सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है। पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। बिजली के खंभों और खुले तारों से दूर रहना भी जरूरी है। खराब मौसम में खुले स्थानों पर रुकने के बजाय सुरक्षित भवन में जाना चाहिए।
17 अक्टूबर को दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश या मेघ गर्जन के आसार हैं। इसके बाद 18 से 23 अक्टूबर तक सुबह के समय कुहासा छाए रहने की संभावना है। दिन में आसमान अधिकतर साफ रह सकता है। अगले तीन दिनों तक रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है। इसके बाद दो दिनों में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
पिछले 24 घंटों के बारिश के आंकड़ों में कांके सबसे आगे रहा। यहां 43 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। रांची एरो में 36 मिलीमीटर और तोपचांची में 23 मिलीमीटर बारिश हुई। दूसरी ओर, पश्चिम सिंहभूम के जगन्नाथपुर में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान रहा। मौसम विभाग ने नागरिकों से चेतावनियों को गंभीरता से लेने और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
