रातू में चोरी के आरोप में चार लोग गिरफ्तार.

बंद घरों को निशाना बनाने वाले गिरोह से लाखों के जेवर बरामद.

रांची के रातू थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आकाश महतो, विनय कुमार वर्मा, विनायक कुमार सोनी और दीपक उरांव उर्फ लड्डू के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से करीब 3.70 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से 7,850 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। बरामद चांदी के आभूषणों का वजन लगभग 600 ग्राम बताया गया है। वहीं, सोने के गहनों का वजन करीब 15 से 20 ग्राम है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य दिन के समय उन घरों की तलाश करते थे, जहां ताला लगा होता था। इसके बाद मौका देखकर घर में घुसकर कीमती सामान चोरी कर लेते थे। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने रातू क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

पुलिस जांच में आकाश महतो के बारे में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। वह मूल रूप से हरियाणा के कुरुक्षेत्र का रहने वाला है। बताया गया है कि उसके खिलाफ कुरुक्षेत्र और करनाल के विभिन्न थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, वह पहले भी हरियाणा में चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। बाद में वह अपनी पत्नी के साथ रातू थाना क्षेत्र के आमटांड़ में किराये के मकान में रहने लगा था। पुलिस को आशंका है कि उसने अपनी पहचान छिपाने और लोगों का शक दूर रखने के उद्देश्य से यहां ठिकाना बनाया था। मामले में गिरफ्तार सभी चार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में मुख्य भूमिका मुख्यालय-2 के डीएसपी अजय आर्यन ने निभाई। रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो और पुलिस टीम भी अभियान में शामिल रही। पुलिस अब गिरोह की अन्य गतिविधियों और चोरी की बाकी घटनाओं से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *