वन भूमि विवाद में वन अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट से राहत.

हाईकोर्ट का अवमानना संबंधी फैसला शीर्ष अदालत ने पलटा.

झारखंड के तेतुलिया वन भूमि विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने वन विभाग के दो अधिकारियों को बड़ी राहत दी है। शीर्ष अदालत ने झारखंड हाईकोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें दोनों अधिकारियों को अवमानना का दोषी माना गया था। इस मामले में अधिकारियों ने हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी। सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ में हुई। पीठ में न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल थे।

सुनवाई के दौरान अधिकारियों की ओर से जांच एजेंसियों के साक्ष्य पेश किए गए। उनकी ओर से कहा गया कि इजहार हुसैन के पक्ष में हाईकोर्ट ने जिन दस्तावेजों के आधार पर फैसला सुनाया था, वे फर्जी निकले। दलील दी गई कि दस्तावेज वन भूमि पर कब्जा करने के लिए जालसाजी से तैयार किए गए थे। जमीन के स्वामित्व से संबंधित एक अन्य मुकदमे में भी वन विभाग को राहत मिली थी। संबंधित अदालत ने विवादित जमीन को वन भूमि घोषित किया था।

तेतुलिया की 103 एकड़ जमीन को लेकर यह कानूनी विवाद काफी समय से चल रहा है। शुरुआती मामले में हाईकोर्ट ने इजहार हुसैन और अन्य के पक्ष में फैसला सुनाया था। उस समय राज्य सरकार जमीन को वन भूमि साबित करने के लिए पर्याप्त आधार प्रस्तुत नहीं कर पाई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी। शीर्ष अदालत ने पहले हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा था। इसके बाद वन विभाग ने सक्षम न्यायालय में जमीन के मालिकाना हक को लेकर मुकदमा दायर किया।

विभाग ने विवादित जमीन पर काम रोकने के लिए संबंधित पक्ष को पत्र भी जारी किया था। उमायुष मल्टीकॉम ने वन विभाग के इस कदम को झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी। इस याचिका पर मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव और न्यायमूर्ति दीपक रौशन की पीठ ने सुनवाई की। हाईकोर्ट ने 27 फरवरी 2025 को अपना फैसला सुरक्षित रखा था। 17 अप्रैल 2025 को सुनाए गए फैसले में वन अधिकारी डी. वैंकटेश्वरला और रजनीश कुमार को अवमानना का दोषी करार दिया गया। इसके बाद अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल की। शुरुआती सुनवाई में शीर्ष अदालत ने अंतिम निर्णय तक अधिकारियों को सजा सुनाने पर रोक लगा दी थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने विस्तृत सुनवाई के बाद हाईकोर्ट का अवमानना आदेश निरस्त कर दिया है। इस फैसले से दोनों अधिकारियों को कानूनी राहत मिली है। तेतुलिया वन भूमि विवाद में यह एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *