सुबह धुंध, दोपहर में धूप और रात में बढ़ेगी ठंड.
झारखंड के कई जिलों में 27 नवंबर तक गिरेगा न्यूनतम तापमान.
झारखंड में मौसम का बदलाव लगातार जारी है। सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध लोगों को देखने को मिल रही है। दोपहर में तेज धूप निकलने से मौसम गर्म हो जाता है। कई जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। वहीं शाम ढलते ही ठंड का एहसास बढ़ने लगता है। रात के तापमान में गिरावट के कारण लोगों को ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम होने का अनुमान जताया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच रह सकता है। लातेहार और रामगढ़ में पारा 10 डिग्री तक गिरने की संभावना है। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया गया है। ग्रामीण और खुले इलाकों में ठंड का असर ज्यादा रह सकता है। ऊंचाई वाले स्थानों पर भी रात के समय अधिक ठंड महसूस होगी। सुबह और शाम गर्म कपड़ों की जरूरत बढ़ सकती है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
चक्रवाती तूफान के लौटने और आसमान से बादल हटने के बाद कोल्हान क्षेत्र के तापमान में बदलाव आया है। पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में सबसे ज्यादा 31.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। चाईबासा में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री रहा। जमशेदपुर में पारा 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री रहा। यह सामान्य तापमान से 1.6 डिग्री कम है। डालटनगंज में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो में पारा 27.1 डिग्री तक पहुंचा।
मौसम केंद्र ने 25 से 30 नवंबर तक सुबह कोहरा या कुहासा छाये रहने का अनुमान जताया है। दिन चढ़ने के बाद आसमान साफ हो सकता है। मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी सुबह धुंध देखने को मिल सकती है। उत्तर-पश्चिमी जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी सुबह कोहरा रहने का अनुमान है। उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी मौसम का यही हाल रह सकता है। अधिकतम तापमान में फिलहाल विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। दिन के समय धूप निकलने से लोगों को राहत मिलती रहेगी। हालांकि, सुबह और रात के दौरान ठंड का प्रभाव पहले से ज्यादा महसूस होगा।
