झारखंड में बढ़ेगी ठिठुरन, अगले 24 घंटे में गिरेगा पारा.
गुमला सबसे ठंडा, कई जिलों में सुबह कुहासे का अनुमान.
Ranchi News: झारखंड में मौसम का रुख बदलने लगा है और धीरे-धीरे ठंड का प्रभाव बढ़ रहा है। खासकर सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। गुरुवार को गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लातेहार में भी ठंड का असर देखने को मिला और यहां पारा 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 24 घंटों में रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम होने का अनुमान है। इससे राज्य के कई हिस्सों में ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने 12 से 16 नवंबर तक सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा छाए रहने की संभावना जताई है। सुबह के समय धुंध के कारण लोगों को परेशानी हो सकती है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मौसम में सुधार होने का अनुमान है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कुहासे की अवधि के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। राजधानी रांची में 12 से 15 नवंबर तक अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस बना रह सकता है। 16 नवंबर को अधिकतम तापमान बढ़कर 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
गुमला में अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, लातेहार में रात का तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इन दोनों जिलों में अन्य क्षेत्रों की तुलना में ठंड का प्रभाव अधिक महसूस हो सकता है। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सुबह और देर शाम बाहर निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाव करना चाहिए।
