चाईबासा में युवक पर हमला, गला काटकर खेत में छोड़ा.
पांच अज्ञात अपराधियों ने लूटपाट के बाद की वारदात.
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ लूटपाट कर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। अपराधियों ने युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया और उसे खेत में फेंककर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान 30 वर्षीय चंद्रमोहन दास के रूप में हुई है। वह दोकटटा सोसो टोला गांव का रहने वाला है। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, चंद्रमोहन बड़ा झींकपानी में लगे साप्ताहिक हाट में एक जूते की दुकान पर काम करने गया था। काम समाप्त होने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पांच बाइक सवार अपराधियों ने उसे घेर लिया। यह घटना बड़ा झींकपानी और दोकटटा गांव के बीच हुई। आरोप है कि अपराधियों ने सबसे पहले उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसकी जेब में रखे रुपये छीन लिए। रुपये लूटने के बाद बदमाशों ने धान काटने वाले हसुए से उसकी गर्दन पर वार कर दिया। हमले में वह बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। अपराधियों ने उसे मृत समझ लिया और खेत में फेंककर वहां से भाग गए। गंभीर हालत में चंद्रमोहन पूरी रात खेत में पड़ा रहा। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने उसे खून से लथपथ अवस्था में देखा। इसके बाद गांव के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
ग्रामीणों की सहायता से घायल युवक को सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तत्काल उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस वारदात को लेकर चिंता जताई है। फिलहाल टोंटो थाना की पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। वारदात के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
