रांची में साइबर ठगी की चार घटनाओं से हड़कंप.
चार लोगों के बैंक खातों से 14.87 लाख रुपये की निकासी.
राजधानी रांची में साइबर अपराधियों ने चार लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपना शिकार बनाया है। अपराधियों ने मोबाइल हैकिंग और संदिग्ध लिंक के जरिए बैंक खातों से कुल 14 लाख 87 हजार 266 रुपये की निकासी कर ली। पीड़ितों में एक बुजुर्ग, एक युवती और दो अन्य लोग शामिल हैं। सभी ने संबंधित मामलों में साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराई है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पंचम नगर निवासी सुबोध कुमार के बैंक ऑफ इंडिया खाते से 99 हजार रुपये निकाल लिए गए। उनका खाता हरमू शाखा में है। बताया गया कि उनका मोबाइल करीब दो घंटे तक बंद रहा था। फोन दोबारा चालू करने के बाद उन्हें खाते से रकम निकाले जाने का पता चला। अपराधियों ने चार अलग-अलग लेनदेन में 50 हजार, 30 हजार, 15 हजार और चार हजार रुपये निकाले। सुबोध कुमार के अनुसार, इस दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन भी नहीं किया था। उन्होंने चारों ट्रांजेक्शन के संदर्भ नंबर पुलिस को सौंप दिए हैं। दूसरी घटना नामकुम थाना क्षेत्र के अमेठिया नगर की है। यहां रहने वाले 68 वर्षीय जय किशोर शर्मा के उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक खाते से 7 लाख 45 हजार रुपये निकाल लिए गए।
छह नवंबर की रात उनके खाते से दो बार में रकम की निकासी हुई। पहले 2 लाख 50 हजार और फिर 4 लाख 95 हजार रुपये निकाले गए। दोनों ट्रांजेक्शन के मैसेज रात 10:16 और 10:18 बजे उनके मोबाइल पर पहुंचे। इसकी जानकारी मिलते ही उन्होंने बैंक से संपर्क कर खाता फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। वहीं, सिकिदिरी थाना क्षेत्र के जयडीहा कुसुमटोली निवासी 21 वर्षीय निरासो कुमारी भी ऑनलाइन ठगी का शिकार हुईं। उनके दो बैंक खातों से कुल 2 लाख 48 हजार 500 रुपये की निकासी की गई। छह अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान लिंक आया था। उस लिंक को खोलने के अगले दिन उनका मोबाइल बंद हो गया। बाद में 28 अक्टूबर को बैंक खाते की जांच कराने पर धोखाधड़ी की जानकारी मिली। एक खाते से 77 हजार और दूसरे खाते से 1 लाख 71 हजार 500 रुपये निकाले गए थे। पीड़िता ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। चौथी घटना कोकर के डेला टोली जेवियर नगर निवासी विजय तिर्की के साथ हुई। उनके केनरा बैंक खाते से नौ नवंबर को दो बार में 4 लाख 14 हजार 766 रुपये निकाल लिए गए।
अपराधियों ने पहली बार में 2 लाख 67 हजार 766 रुपये और दूसरी बार में 1 लाख 47 हजार रुपये की निकासी की। ठगी का पता चलने पर विजय तिर्की ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत की और उसका एक्नॉलेजमेंट नंबर पुलिस को उपलब्ध कराया। लगातार बढ़ रही साइबर ठगी की घटनाओं के बीच लोगों को ऑनलाइन लेनदेन करते समय विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। मोबाइल पर आए किसी भी अनजान लिंक को बिना पुष्टि किए नहीं खोलना चाहिए। ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और यूपीआई पिन जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। अनजान स्रोत से मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचना चाहिए। किसी व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग एप इंस्टॉल करना भी जोखिम भरा हो सकता है। मोबाइल नेटवर्क अचानक बंद होने या सिम काम नहीं करने पर तुरंत मोबाइल ऑपरेटर और बैंक को इसकी सूचना देनी चाहिए। खाते में संदिग्ध लेनदेन दिखने पर बिना देर किए बैंक से संपर्क करना चाहिए और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
